सुदर्शन के राष्ट्रवादी पत्रकारिता को सहयोग करे

Donation

भारतीय नौसेना की वायु शक्ति को मिलेगा 26 राफेल-मैरिन लड़ाकू विमानों की ताकत, फ्रांस से किया जबरदस्त रक्षा समझौता

आत्मनिर्भर भारत के तहत बड़ा कदम; भारत-फ्रांस के बीच ऐतिहासिक रक्षा समझौता, राफेल-मैरिन विमानों के सौदे से भारतीय नौसेना को मिलेगी अद्वितीय शक्ति

Ravi Rohan
  • Apr 28 2025 6:18PM

भारत और फ्रांस के बीच एक ऐतिहासिक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। दोनों देशों ने भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल-मैरिन लड़ाकू विमानों (22 सिंगल-सीटर और 4 ट्विन-सीटर) की खरीद के लिए अंतर-सरकारी समझौते (IGA) पर मुहर लगाई। नई दिल्ली में 28 अप्रैल 2025 को हुई इस डील में ट्रेनिंग, सिम्युलेटर, संबंधित उपकरण, हथियार और परफॉर्मेंस-बेस्ड लॉजिस्टिक्स भी शामिल हैं। इसके साथ ही भारतीय वायुसेना के मौजूदा राफेल बेड़े के लिए अतिरिक्त उपकरणों की खरीद का भी प्रावधान किया गया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस के सशस्त्र बलों के मंत्री सेबेस्टियन लेकुर्नु ने इस महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए। नौसेना भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में भारतीय और फ्रांसीसी अधिकारियों ने समझौते, विमान आपूर्ति प्रोटोकॉल और हथियार आपूर्ति प्रोटोकॉल की प्रतियां आपस में आदान-प्रदान कीं।

आत्मनिर्भर भारत के तहत बड़े स्तर पर टेक्नोलॉजी ट्रांसफर

सरकार के 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान के तहत इस डील में स्वदेशी हथियारों के एकीकरण के लिए तकनीक हस्तांतरण (Transfer of Technology) का भी प्रावधान है। इसके अलावा, भारत में राफेल फ्यूज़लेज (मुख्य ढांचे) के निर्माण और विमान इंजन, सेंसर और हथियारों की मरम्मत, रखरखाव और ओवरहालिंग (MRO) सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। इस परियोजना से हजारों नौकरियां पैदा होंगी और देशभर की एमएसएमई कंपनियों को भारी राजस्व मिलेगा।

नौसेना की ताकत को मिलेगा जबरदस्त बढ़ावा

फ्रांस की डसॉल्ट एविएशन द्वारा निर्मित राफेल-मैरिन विमान समुद्री युद्ध के लिए पूरी तरह से सक्षम और जंगी हालात में अपनी मजबूती साबित कर चुका है। 2030 तक इन विमानों की डिलीवरी पूरी हो जाएगी और इस दौरान भारतीय नौसेना के पायलट फ्रांस और भारत दोनों में विशेष प्रशिक्षण लेंगे।

राफेल-मैरिन विमानों का भारतीय वायुसेना के ऑपरेशन में पहले से मौजूद राफेल से तकनीकी सामंजस्य रहेगा। इस सौदे से भारतीय नौसेना और वायुसेना के बीच समन्वित संचालन क्षमता में जबरदस्त इजाफा होगा और लॉजिस्टिक्स तथा ट्रेनिंग के खर्च में भी भारी बचत होगी। इन विमानों के शामिल होने से भारतीय नौसेना के विमानवाहक पोतों की मारक क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी और समुद्र में भारत की वायु शक्ति को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।

भारतीय नौसेना को मिलेगा राफेल-M का दम, समुद्री दुश्मनों पर बरपेगा कहर!

भारतीय नौसेना इस समय दो एयरक्राफ्ट कैरियर - आईएनएस विक्रांत और आईएनएस विक्रमादित्य - का संचालन कर रही है। हाल ही में फ्रांसीसी सरकार के साथ हुई इंटर-गवर्नमेंटल एग्रीमेंट (IGA) के तहत 26 राफेल एम लड़ाकू विमानों की खरीद का रास्ता साफ हुआ है। ये शक्तिशाली विमान दोनों भारतीय विमानवाहक पोतों से उड़ान भरने में सक्षम होंगे, जिससे नौसेना की ताकत को अभूतपूर्व बढ़त मिलेगी।


राफेल एम किसी भी मिशन के लिए तैयार है - चाहे वह हवाई सुरक्षा हो, दुश्मन के जहाजों पर हमला हो, समुद्री स्ट्राइक हो, या फिर ज़मीनी ठिकानों पर तबाही मचानी हो। इसके साथ ही यह टोही अभियानों और साथी विमानों के लिए 'बड्डी रिफ्यूलिंग' भी कर सकता है।


पूरी क्षमता के साथ संचालित भारतीय विमानवाहक पोत, अपने लड़ाकू विमानों के बेड़े के साथ समुद्री इलाकों में अपना नियंत्रण स्थापित कर सकते हैं और दुश्मन के ठिकानों पर दूर से वार कर सकते हैं, वो भी बिना उनकी हथियारों की पहुंच में आए। राफेल एम की तैनाती से भारतीय नौसेना की हवाई रक्षा क्षमता में जबरदस्त इजाफा होगा और दुश्मन के विमानों को ध्वस्त करने की ताकत और भी मजबूत होगी।


इसके अलावा, राफेल एम के जरिए नौसेना अपने बेड़े की रक्षा करते हुए दुश्मन के मेरीटाइम रिकॉनिसेंस (MR) विमानों को भी निशाना बना सकेगी, जिससे दुश्मन की समुद्री जानकारी जुटाने की क्षमता बुरी तरह प्रभावित होगी और उनके अन्य प्लेटफॉर्म्स तक सही निशाना साधने की कोशिशें भी नाकाम होंगी।


सिर्फ समुद्र में ही नहीं, बल्कि राफेल एम के ज़रिए नौसेना ज़मीनी ठिकानों पर भी सटीक और विनाशकारी हमले कर सकेगी।


दुनिया के सबसे आधुनिक, युद्ध-कुशल और शक्तिशाली कैरियर-आधारित लड़ाकू विमानों में गिने जाने वाले राफेल एम की भारतीय नौसेना में एंट्री से समुद्री इलाकों में भारत की ताकत कई गुना बढ़ जाएगी। यह दुश्मनों को पीछे धकेलने के साथ-साथ देश के समुद्री हितों की रक्षा में एक निर्णायक भूमिका निभाएगा।





0 Comments

ताजा समाचार