बिहार के दरभंगा जिले से एक मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने पहले हिंदू रीति-रिवाजों से शादी की, लेकिन बाद में अपने मुस्लिम प्रेमी शाहिद से कोर्ट मैरिज कर ली। वहीं वर्षों तक साथ रहने के बाद जब संतान नहीं हुई तो रिश्ते में दरार आ गई। अब महिला ने ससुराल वालों पर उत्पीड़न और ठगी का आरोप लगाते हुए 13 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह मामला गुरुवार, 10 अप्रैल 2025 का है।
यह घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के लक्ष्मीसागर मोहल्ले की है। यहां रहने वाली युवती की शादी उसके पिता ने पारंपरिक हिंदू रीति से मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र के भपुरा गांव में की थी। शादी के बाद महिला को अपने ससुराल के पड़ोस में रहने वाले मुस्लिम युवक शाहिद से प्रेम हो गया। कुछ समय बाद दोनों ने गांव छोड़ दिया और दरभंगा के कमतौल थाना क्षेत्र के टेकटार गांव में रहने लगे। वर्ष 2018 में दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली।
संतान नहीं हुई, ससुराल वाले करने लगे दूसरा निकाह तय
शादी के छह साल बीत जाने के बाद भी जब महिला को संतान नहीं हुई, तो शाहिद और उसके परिजनों ने दूसरा निकाह करने की तैयारी शुरू की। तो महिला ने इसका विरोध किया, जिसके बाद उसे प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया।
13 लोगों के खिलाफ FIR
महिला ने कमतौल थाना में अपने ससुर मो. अलाउद्दीन सहित 13 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। हैरानी की बात यह है कि उसने अपने पति शाहिद का नाम एफआईआर में नहीं दिया है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जमीन रजिस्ट्री के नाम पर उससे चार लाख रुपये की ठगी की गई।
पीड़िता का कहना है कि अब वह न तो मायके लौट पा रही है और न ही अपने कोर्ट मैरिज वाले पति के पास जा सकती है। उसे दोनों ही जगह से बेदखल कर दिया गया है और वह न्याय की गुहार लगा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
कमतौल थाना के दारोगा ललन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।